धर्मांतरण विवाद को लेकर मारपीट और तोड़फोड़, डायल-112 के पायलट पर गुंडे बुलाकर हमला कराने का आरोप

बिलासपुर में धर्मांतरण को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसमें मारपीट और घर में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि डायल-112 के एक पायलट ने कुछ लोगों को बुलाकर उन पर हमला कराया। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

कुंदरा पारा में रहने वाले मोहितराम खांडे अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके पड़ोस में तोमन खांडे रहते हैं, जो डायल-112 के पायलट बताए जा रहे हैं। दोनों आपस में रिश्तेदार भी हैं। आरोप है कि तोमन खांडे पिछले कुछ समय से मोहितराम के परिवार पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहे थे।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि विरोध करने पर तोमन खांडे ने बाहर से लोगों को बुलाकर उनके परिवार के साथ मारपीट की और घर में घुसकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद परिवार की महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और सुरक्षा के साथ कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से वे करीब 12 दिनों से डर के कारण अपने घर लौटने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। उनका आरोप है कि आरोपी पुलिस का डर दिखाकर धमकाता था और कहता था कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

मोहितराम खांडे के अनुसार तोमन खांडे पिछले 10-12 सालों से ईसाई धर्म मानते हैं और उनके घर में हर रविवार पादरी बुलाकर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। आरोप है कि आसपास के लोगों पर भी धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाता रहा है। इस विवाद को लेकर पहले भी कई बार झगड़े और धमकी की घटनाएं हो चुकी हैं।

पीड़ित पक्ष का दावा है कि 15 फरवरी को भी इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट और पत्थरबाजी तक की स्थिति बन गई थी। उनका कहना है कि उस घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है। होली के दिन फिर से विवाद बढ़ा और मारपीट की घटना सामने आई।

दूसरी ओर तोमन खांडे ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि जमीन से जुड़े पुराने विवाद के कारण मोहितराम खांडे और उनके परिजनों ने ही उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके घर से नगदी और जेवर गायब हो गए, जिससे उन्हें करीब 80 से 90 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर काउंटर केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई