दुर्ग-भिलाई में पारंपरिक उत्साह के साथ होलिका दहन, कई स्थानों पर दो दिन आयोजन

दुर्ग जिले में होलिका दहन का आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विभिन्न स्थानों पर किया गया। शाम ढलते ही लोगों ने एकत्रित होकर पूजा-अर्चना की और शुभ मुहूर्त में होलिका जलाई। इस दौरान बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
गणपति विहार कॉलोनी में कॉलोनीवासियों ने सामूहिक रूप से होलिका दहन किया। होलिका के चारों ओर दीप प्रज्ज्वलित कर पारंपरिक विधि से पूजा संपन्न की गई। इसी तरह भिलाई के खुर्सीपार, रामनगर, वैशाली नगर और वृंदानगर समेत कई इलाकों में लोगों ने एकत्रित होकर होली जलाई और उत्सव मनाया।
इस बार तिथि के अनुसार दो दिन होलिका दहन की परंपरा निभाई जा रही है। सोमवार रात के अलावा मंगलवार को भी कई स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। शुभ मुहूर्त के दौरान लोगों ने होली के पारंपरिक गीत गाए और नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया।
त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी व्यापक इंतजाम किए थे। जिले में फ्लैग मार्च निकाला गया और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोगों ने उत्साहपूर्वक होली की शुरुआत की।





