शादी से इनकार पर युवती ने प्रेमी के घर की आत्महत्या, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में युवक गिरफ्तार

बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्हार चौकी इलाके में एक युवती ने अपने प्रेमी के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दुष्कर्म की धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मल्हार क्षेत्र की रहने वाली युवती का ग्राम धनगवां निवासी 33 वर्षीय राजू लहरिया के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत और मुलाकातें हो रही थीं। युवती युवक पर शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन आरोपी टालमटोल कर रहा था।
बताया गया कि 24 फरवरी को युवती युवक के घर पहुंची थी। आरोप है कि युवक ने अपने घर पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद जब युवती ने शादी की बात दोहराई तो युवक ने इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर युवती वहीं रहने लगी। इस बीच युवक घर छोड़कर चला गया और उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
26 फरवरी की रात युवती ने युवक के माता-पिता के साथ खाना खाया और कमरे में सोने चली गई। देर रात उसने कमरे के रोशनदान के एंगल में स्कार्फ बांधकर फांसी लगा ली। सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो वह फंदे पर लटकी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। युवती के परिजन भी मौके पर पहुंचे और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया। आरोपी युवक बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में छिपा हुआ था, जहां से उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।





