होली मिलन समारोह में “मामा भांचा टाइम्स” का विमोचन, सांसद बृजमोहन अग्रवाल का हल्का-फुल्का अंदाज़

रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित होली मिलन समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुंगेली के वरिष्ठ पत्रकार प्रेम आर्य द्वारा संपादित होली विशेषांक “मामा भांचा टाइम्स” का विमोचन किया।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में अपने आप को सबसे बड़ा कलाकार बताते हुए कहा कि उनकी कलाकारी से पूरा छत्तीसगढ़ डरता है और अब पूरे भारत को डराने के लिए उन्हें दिल्ली भेज दिया गया है। उनके इस बयान पर समारोह में मौजूद लोगों ने ठहाके लगाए।
बताया जाता है कि प्रेम आर्य पिछले 42 वर्षों से इस होली विशेषांक पत्रिका का संपादन कर रहे हैं। पत्रिका के विमोचन अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार, पत्रकार, स्थानीय जनप्रतिनिधि और मुंगेली के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





