23 साल बाद फिर सिनेमाघरों में लौटी सलमान खान की फिल्म ‘तेरे नाम’, जानिए पहली रिलीज पर कितना रहा था कलेक्शन

तेरे नाम एक बार फिर से सिनेमाघरों में रिलीज कर दी गई है। साल 2003 में आई इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में सलमान खान ने राधे भैया का किरदार निभाया था, जो आज भी उनके करियर के सबसे चर्चित रोल्स में गिना जाता है। 27 फरवरी को फिल्म को दोबारा बड़े पर्दे पर उतारा गया है।
फिल्म का निर्देशन सतीश कौशिक ने किया था। सलमान खान के साथ फिल्म में भूमिका चावला मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। उन्होंने निर्जरा का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा था। यह भूमिका चावला की पहली बॉलीवुड फिल्म थी। इससे पहले वह साउथ इंडस्ट्री में काम कर चुकी थीं।
बताया जाता है कि निर्जरा के रोल के लिए पहले अमीषा पटेल को चुने जाने की चर्चा थी, लेकिन व्यस्तता के चलते उन्होंने फिल्म नहीं की। इसके बाद यह भूमिका भूमिका चावला को मिली।
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक फिल्म का बजट करीब 12 करोड़ रुपये था, जबकि इसने दुनियाभर में लगभग 24.55 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। फिल्म में रवि किशन, सचिन खेडेकर और सरफराज खान जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए थे।
फिल्म के री-रिलीज के साथ दर्शकों को एक बार फिर राधे और निर्जरा की प्रेम कहानी बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिल रहा है। वहीं सलमान खान अपनी आगामी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर भी चर्चा में हैं, जिसमें वह एक आर्मी ऑफिसर की भूमिका निभाते नजर आएंगे।





