54 लाख के पुल निर्माण में अनियमितता का आरोप, सरपंच ने निष्पक्ष जांच की मांग की

रायगढ़ जिले के छाल क्षेत्र अंतर्गत पुसलदा गांव में प्रधानमंत्री सड़क मार्ग के तहत कराए गए निर्माण कार्यों में अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। ग्राम पंचायत पुसलदा की सरपंच कमला बाई राठिया ने तहसीलदार को लिखित शिकायत सौंपकर पुल और रिटर्निंगवाल निर्माण में गंभीर गड़बड़ी की जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार खेदापाली से पुसलदा मार्ग पर 54 लाख रुपए की लागत से तीन छोटे पुलों का निर्माण कराया गया। इसके साथ ही पुसलदा से बेहरामुड़ा मार्ग पर मिट्टी कटाव रोकने के लिए रिटर्निंगवाल (सहायक दीवार) बनाई गई। सरपंच का आरोप है कि दीवार निर्माण में मानक के अनुरूप सरिया का उपयोग नहीं किया गया और गुणवत्ताहीन सामग्री का प्रयोग किया गया है।
उन्होंने बताया कि निर्माण के बाद दीवार पर पानी का छिड़काव भी नहीं किया गया, जिससे सीमेंट उखड़ने लगा है और संरचना कमजोर दिखाई दे रही है। इसे स्पष्ट रूप से घटिया निर्माण करार देते हुए उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में सीसी रोड निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि निर्माण के दौरान पुरानी नाली और पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिसकी अब तक मरम्मत नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
सरपंच ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और क्षतिग्रस्त नाली व पाइपलाइन की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, कलेक्टर और क्षेत्रीय सांसद को भी भेजी गई है।





