सगाई से लौट रही पिकअप खाई में गिरी, चार की मौत, दस से अधिक घायल

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सगाई समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप वाहन के खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दस से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार, खरसिया विकासखंड के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगुरसुता गांव से राठिया परिवार के लोग बुधवार रात कापू थाना क्षेत्र के गोसाईपोड़ी गांव में आयोजित सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। समारोह के बाद करीब 40 लोग पिकअप वाहन (क्रमांक सीजी 12 एपी 7405) में सवार होकर वापस लौट रहे थे।

रात लगभग दस बजे धरमजयगढ़-कापू मार्ग पर मड़वाताल घाट के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों ने पुलिस-प्रशासन और डायल 112 को घटना की सूचना दी।

पुलिस के पहुंचने तक दो लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल धरमजयगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। नीरज राठिया, देवेंद्र, बालसिंह, रामकुमार, गाढ़ाराम राठिया, विपल राम राठिया, राशीराम राठिया, सुमेंद्र राठिया और विजय राठिया सहित अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र और देवेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ मेडिकल कॉलेज और फिर रायपुर रेफर किया गया।

हादसे में कलाराम राठिया (60) और छतरसिंह राठिया (60) की मृत्यु के बाद उनका पोस्टमार्टम धरमजयगढ़ में कराया गया। वहीं इजबल सिंह राठिया (45) और नीरज सिंह राठिया (65) की इलाज के दौरान रायगढ़ में मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई