छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू, वित्त मंत्री चौधरी पेश करेंगे आर्थिक सर्वेक्षण

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज 23 फरवरी से शुरू होगा और यह 20 मार्च तक चलेगा। सत्र के दौरान कुल 15 बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमन डेका के अभिभाषण से होगी। इसके बाद कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा, और वित्त मंत्री ओपी चौधरी आर्थिक सर्वेक्षण सदन में पेश करेंगे।
राज्यपाल के अभिभाषण और कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर 25 फरवरी को सदन में चर्चा होगी। इस दौरान अविभाजित मध्यप्रदेश के दिवंगत विधायक दीनदयाल पोर्ते को सदन में श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
बजट सत्र के लिए विधायकों ने कुल 2813 प्रश्न दायर किए हैं, जिनमें 1437 तारांकित और 1378 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा 61 ध्यानाकर्षण सूचनाएं, 13 अशासकीय संकल्प, 9 शून्यकाल सूचनाएं और 112 याचिकाओं की जानकारी भी सदन सचिवालय को प्राप्त हुई है। नियम 139 के तहत अविलंबनीय लोक महत्व के विषय पर चर्चा के लिए एक सूचना मिली है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 24 फरवरी को दोपहर 12.30 बजे विधानसभा में पेश किया जाएगा। इसके बाद 26 और 27 फरवरी को बजट पर सामान्य चर्चा होगी। 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। अंत में 17 मार्च को विनियोग विधेयक पर चर्चा के बाद इसे 18 मार्च को पारित किया जाएगा।
बजट सत्र के दौरान सदन में आर्थिक, विकासात्मक और लोककल्याणकारी मुद्दों पर गहन चर्चा होने की संभावना है। वित्त मंत्री द्वारा पेश किया गया आर्थिक सर्वेक्षण आगामी वित्तीय वर्ष के लिए नीतिगत दिशा का मार्गदर्शन करेगा। इसके साथ ही सदन में पूछताछ, ध्यानाकर्षण और याचिका के माध्यम से जनता से जुड़े विषयों पर चर्चा भी होगी। इस सत्र की निगरानी और व्यवस्थापन के लिए विधानसभा प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया है।





