होली पर रेलवे की सौगात: SECR से 15 स्पेशल ट्रेनें

बिलासपुर। आगामी मार्च माह में होली के त्योहार को देखते हुए रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और ‘नो-रूम’ की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे बोर्ड ने देशभर में 1410 विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
इसी क्रम में South East Central Railway (SECR) के तीनों मंडलों—बिलासपुर, रायपुर और नागपुर—से कुल 15 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
एक से दो फेरों में चलेंगी ट्रेनें
ये विशेष ट्रेनें निर्धारित स्टेशनों के बीच एक से दो फेरे लगाएंंगी, ताकि यात्रियों को उनके गंतव्य तक कंफर्म बर्थ मिल सके। रेलवे प्रशासन ने इन ट्रेनों के लिए आरक्षण खिड़की और IRCTC की वेबसाइट पर बुकिंग शुरू कर दी है।
300 से अधिक सीटें अभी खाली
राहत की बात यह है कि फिलहाल इन स्पेशल ट्रेनों के स्लीपर और एसी कोच में 300 से अधिक बर्थ रिक्त हैं। इससे उन यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, जिन्हें नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण टिकट नहीं मिल पा रही थी।
बिहार-यूपी रूट पर ज्यादा दबाव
होली के दौरान बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में हर साल भारी भीड़ रहती है। ऐसे में 15 विशेष ट्रेनों का संचालन यात्रियों के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।
रेल अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की मांग और दबाव को देखते हुए इन ट्रेनों के फेरे और सीटों की उपलब्धता की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि त्योहार के समय किसी को असुविधा न हो।





