मल्लिकार्जुन खड़गे–राहुल गांधी फिर साथ दिख सकते हैं, छत्तीसगढ़ में रैली की तैयारी

रायपुर। कांग्रेस शासनकाल में फरवरी 2023 के महाधिवेशन में एक साथ मंच साझा करने के बाद अब फिर से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे के आसार बन रहे हैं।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि मार्च के दूसरे सप्ताह में “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत आयोजित रैली में दोनों शीर्ष नेता शामिल हो सकते हैं।
बिजली दरों को लेकर सरकार पर निशाना
दीपक बैज ने विद्युत नियामक आयोग की जनसुनवाई को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने “बिजली बिल हाफ” योजना बंद कर दी और दो वर्षों में चार बार बिजली दरें बढ़ाई गईं।
बैज का आरोप है कि वर्तमान जनसुनवाई इस बात का संकेत है कि सरकार फिर से बिजली दरें बढ़ाने की तैयारी में है।
राज्यसभा सीट और फ्रीबीज पर बयान
राज्यसभा की छत्तीसगढ़ सीट को लेकर उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। यदि उनसे सलाह मांगी जाएगी तो वे अपनी राय देंगे।
सुप्रीम कोर्ट की ‘फ्रीबीज’ पर टिप्पणी का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार और असम में चुनाव के दौरान नकद वितरण की जांच होनी चाहिए।
बजट सत्र में घेरने की तैयारी
आगामी 24 फरवरी को पेश होने वाले बजट को लेकर बैज ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल विधानसभा के अंदर और बाहर सरकार को घेरने की रणनीति बनाए हुए है।
SIR की फाइनल सूची को लेकर उन्होंने चुनाव आयोग के दुरुपयोग का आरोप लगाया और कहा कि आगे देखना होगा कि आयोग कितनी निष्पक्षता से काम करता है।
जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर संभव
दीपक बैज ने बताया कि छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड के 100 से अधिक कांग्रेस जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ में आयोजित किया जा सकता है। इसके लिए स्थान तलाशा जा रहा है।
संभावना है कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी भी भाग लें।
राज्य में आगामी राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए कांग्रेस संगठनात्मक और जनआंदोलन दोनों मोर्चों पर सक्रिय तैयारी में जुटी हुई है।





