रायगढ़ कार्बन प्लांट ब्लास्ट: 9 माह की बच्ची समेत 4 की मौत, परिजनों ने लगाया FIR वापस लेने का दबाव

रायगढ़ के खरसिया थाना क्षेत्र स्थित बानीपाथर इलाके में मंगल कार्बन प्लांट में हुए भीषण हादसे ने एक ही परिवार को उजाड़ दिया। टायर गलाने के दौरान फर्नेस से तेज आग और प्रेशर निकलने से 8 मजदूर झुलस गए थे। इनमें से 9 महीने की मासूम बच्ची, उसके पिता और दादा सहित चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

हादसे में झुलसी 9 महीने की भूमि खड़िया ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार किया ही था कि देर रात उसके पिता शिव खड़िया की भी मौत हो गई। बुधवार दोपहर दादा साहेब लाल खड़िया ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल युवक की भी इलाज के दौरान जान चली गई। परिवार की महिला सदस्य उदासिनी खड़िया गंभीर रूप से झुलसी हुई हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।

परिजनों के अनुसार, गरीबी के कारण पति-पत्नी दोनों प्लांट में मजदूरी करते थे और अपनी छोटी बच्ची को साथ लेकर काम पर जाते थे। हादसे वाले दिन भी बच्ची को पास में लिटाकर काम किया जा रहा था, तभी अचानक फर्नेस खोलते समय आग का तेज प्रेशर बाहर निकला और मजदूर उसकी चपेट में आ गए। आरोप है कि फर्नेस को ठंडा किए बिना खोला गया और मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे।

परिवार ने बताया कि तीन महीने पहले भी उनकी 3 साल की बेटी की मौत हो चुकी थी। अब इस हादसे में दूसरी बेटी और परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत से घर पूरी तरह टूट गया है। परिवार के चार सदस्यों में से दो बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि एक बेटा और एक बेटी घर पर हैं।

हादसे में अन्य मजदूर भी 70 से 90 प्रतिशत तक झुलसे हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सभी का इलाज रायपुर के अस्पताल में जारी है।

परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि हादसे के बाद दर्ज की गई FIR वापस लेने और बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि प्लांट में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था और टायर जलाकर तेल निकालने की प्रक्रिया के दौरान लापरवाही बरती गई।

पीड़ित परिवारों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा, सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च प्रबंधन से वसूलने और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों और प्लांट प्रबंधन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की भी मांग उठाई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई