दुर्ग परीक्षा केंद्र के बाहर स्कूटी की डिग्गी से पर्स चोरी, 45 हजार का सामान गायब

दुर्ग जिले के कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज, खम्हरिया परिसर में परीक्षा देने आई एक युवती का पर्स चोरी हो गया। अज्ञात चोर ने स्कूटी की डिग्गी खोलकर उसमें रखा पर्स निकाल लिया, जिसमें सोने के जेवर, नकद राशि और मोबाइल फोन थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई जा रही है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, आकांक्षा पटेल राजनांदगांव की रहने वाली है। वह सीटेट परीक्षा देने भिलाई स्थित परीक्षा केंद्र पहुंची थी। परीक्षा में प्रवेश से पहले उसने अपने पर्स में तीन सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी कान के टॉप्स, 8 हजार रुपए नकद, एक वीवो मोबाइल और एक आईफोन रख लिया था।
परीक्षा केंद्र के अंदर सामान ले जाना प्रतिबंधित होने के कारण युवती ने पर्स को अपनी एक्टिवा की डिग्गी में रखकर वाहन लॉक कर दिया और परीक्षा देने चली गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह वापस लौटी और डिग्गी खोली, तो पर्स गायब था।
घटना की जानकारी पीड़िता ने अपने परिजनों को दी और पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने स्कूटी की डिग्गी खोलकर पर्स चोरी किया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कॉलेज परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर आरोपी की तलाश की जा रही है।





