प्रिंसिपल की पोस्टिंग के विरोध में टीचर्स का वीडियो वायरल, स्कूल स्टाफ ने दी सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

गरियाबंद जिले के पीएमश्री स्कूल में पदस्थ महिला प्रिंसिपल वंदना पांडेय को हटाने की मांग को लेकर शिक्षकों का विरोध तेज हो गया है। इसी बीच स्कूल स्टाफ द्वारा बनाए गए कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिनमें वे फिल्मी गानों पर रील बनाते नजर आ रहे हैं।

शिक्षकों का कहना है कि निलंबन के बाद दोबारा उसी स्कूल में प्रिंसिपल की पोस्टिंग किए जाने से वे नाराज हैं। इस फैसले के खिलाफ उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत की और कलेक्टोरेट पहुंचकर विरोध भी दर्ज कराया। स्टाफ ने चेतावनी दी है कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो वे सामूहिक इस्तीफा दे सकते हैं।

वायरल हुए वीडियो में एक रील गणतंत्र दिवस के मौके पर बनाई गई थी, जिसमें कुछ शिक्षिकाएं “दामाद जी अंगना में पधारे” गाने पर अभिनय करती नजर आ रही हैं। बताया गया कि स्कूल की एक शिक्षिका हाल ही में शादी के बाद अपने पति को स्टाफ से मिलवाने लाई थीं, उसी दौरान यह वीडियो बनाया गया।

दूसरा वीडियो बसंत पंचमी के अवसर पर सरस्वती पूजा के बाद बनाया गया था, जिसमें कुछ शिक्षिकाएं फैशन वॉक जैसी गतिविधि करती दिख रही हैं। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।

शिक्षकों का आरोप है कि प्रिंसिपल के खिलाफ शिकायत के बाद जानबूझकर इन पुराने वीडियो को वायरल कराया गया है, ताकि उनकी छवि खराब की जा सके। उनका कहना है कि ये वीडियो स्कूल के काम के बाद खाली समय में बनाए गए थे और इससे उनके पेशेवर दायित्व पर कोई असर नहीं पड़ता।

स्टाफ का कहना है कि प्रिंसिपल पर पहले भी लापरवाही के आरोप लगे थे, जिसके चलते उन्हें निलंबित किया गया था। बहाली के बाद उसी स्कूल में दोबारा पोस्टिंग किए जाने से शिक्षक असंतुष्ट हैं।

इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि प्रिंसिपल के खिलाफ शिक्षकों और छात्रों की शिकायतें मिली हैं। सभी बिंदुओं की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, स्कूल में प्रशासन और शिक्षकों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है और मामले को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से जांच जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई