घर में खेलने से मना करने पर बुजुर्ग ने मासूम पर कुल्हाड़ी से किया हमला, हालत गंभीर

भिलाई में एक बुजुर्ग ने ढाई साल के मासूम बच्चे पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना उतई थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि बच्चा पड़ोसी के घर के अंदर खेल रहा था, जिस पर बुजुर्ग ने उसे खेलने से मना किया था।
जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान परदेसी देवांगन के रूप में हुई है, जो ग्राम जोरातराई का निवासी है। जब बच्चे ने उसकी बात नहीं मानी, तो वह गुस्से में आ गया और कुल्हाड़ी से उस पर वार कर दिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन तुरंत मासूम को इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है और लगातार उपचार किया जा रहा है।
सूचना मिलने पर उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी बुजुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





