बलरामपुर में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, शव रेत में दबाया

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में दो बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। आरोपी महिला अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती थी, जिसके चलते दोनों ने मिलकर वारदात की साजिश रची। हत्या के बाद शव को नदी के दूसरे किनारे रेत में दबा दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला का विवेक टोप्पो नामक युवक से प्रेम संबंध था। दोनों ने वर्ष 2023 में मंदिर में छिपकर शादी भी कर ली थी। इस बात की जानकारी पति को लगने के बाद परिवार में लगातार विवाद हो रहा था। महिला अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए पति से छुटकारा पाना चाहती थी।
योजना के तहत आरोपी ने पति को बलरामपुर बुलाया। 14 जनवरी को उसे सेंदुर नदी के किनारे बुलाकर लोहे की खुरपी से सिर पर वार किया गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को नदी के दूसरी ओर ले जाकर रेत में दबा दिया गया।
29 जनवरी को ग्रामीणों ने नदी किनारे रेत में दबा शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से हत्या की पुष्टि हुई।
31 जनवरी को शव की पहचान विश्वनाथ केरकेट्टा के रूप में हुई, जो छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में प्रधान आरक्षक के पद पर तैनात था। पहचान होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की जांच तेज की।
जांच में पता चला कि हत्या के बाद आरोपी ने मृतक का मोबाइल और जरूरी दस्तावेज छिपा दिए थे, ताकि पहचान न हो सके। महिला वारदात के समय रायपुर में थी और बाद में गांव आकर पड़ोसियों से पति के बारे में झूठी जानकारी लेने की कोशिश कर रही थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सटीक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया गया है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





