छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी ठंड, रात के तापमान में आएगी गिरावट

छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे प्रदेश के कई इलाकों में एक बार फिर ठंड बढ़ने के आसार हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई है। रायपुर समेत कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। बिलासपुर, अंबिकापुर और पेंड्रा रोड सहित कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान जगदलपुर में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान दुर्ग में 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले पांच दिनों तक दिन के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
सरगुजा, पेंड्रा और अमरकंटक क्षेत्र में सुबह और शाम के समय ठंड का असर अभी भी बना हुआ है। कई इलाकों में घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी देखा जा रहा है। पिछले एक महीने में अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के कई मामले सामने आए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार नवजात और छोटे बच्चे ठंड से अधिक प्रभावित होते हैं, जिससे उन्हें विशेष देखभाल की जरूरत होती है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने अपील की है कि ठंड के मौसम में गर्म कपड़े पहनें, अनावश्यक यात्रा से बचें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
डॉक्टरों ने इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए विटामिन सी युक्त आहार, जैसे संतरा, नींबू और आंवला खाने की सलाह दी है। साथ ही अदरक-तुलसी की चाय और काढ़ा पीने से सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण से बचाव में मदद मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है, इसलिए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।





