केंद्रीय बजट 2026: खादी-हथकरघा को नई उड़ान, ‘महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल’ का ऐलान

रायपुर। रायपुर बीजेपी दफ्तर में केंद्रीय बजट 2026-27 का सीधा प्रसारण सीएम सलाहकार पंकज कुमार झा और ललित जैसिंघ ने सुना। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को बजट पेश करते हुए खादी, हथकरघा और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए ‘महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल’ शुरू करने की घोषणा की।
वित्त मंत्री ने बताया कि इस पहल के तहत खादी, हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट को ग्लोबल मार्केटिंग से जोड़ा जाएगा। साथ ही ओडीओपी (एक जिला-एक उत्पाद) को मजबूती मिलेगी और बुनकरों को बेहतर ट्रेनिंग दी जाएगी। टेक्सटाइल सेक्टर में तेजी लाने के लिए ‘चैलेंज मोड’ के जरिए मेगा टेक्सटाइल पार्क स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने लेबर-इंटेंसिव टेक्सटाइल सेक्टर के लिए एक बड़ा एकीकृत कार्यक्रम भी घोषित किया, जिसमें 7 प्रमुख हिस्से शामिल हैं-
- खादी, हथकरघा और हस्तशिल्प के लिए महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल
- कौशल और आधुनिकता के लिए समर्थ 2.0 मिशन
- प्राकृतिक, मानव-निर्मित और न्यू-एज फाइबर में आत्मनिर्भरता हेतु राष्ट्रीय फाइबर योजना
- पारंपरिक टेक्सटाइल क्लस्टर के आधुनिकीकरण और रोजगार विस्तार की योजना
- योजनाओं के एकीकरण के लिए राष्ट्रीय हथकरघा व हस्तशिल्प कार्यक्रम
- विश्व-स्तरीय व टिकाऊ वस्त्रों के लिए टेक्स-इको पहल
- मेगा टेक्सटाइल पार्कों की स्थापना
बजट भाषण में वित्त मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था स्थिरता, वित्तीय अनुशासन, सतत विकास और कम महंगाई से पहचानी गई है, जो कठिन समय में लिए गए सोच-समझकर फैसलों का परिणाम है।






