नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी, फार्मासिस्ट गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में नौकरी लगवाने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए और अपने जीजा को व्यापम अधिकारी बताकर पीड़ित को झांसे में लिया। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, जगदलपुर के कुम्हारपारा निवासी अनंत राम कश्यप ने 29 जनवरी 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पहचान प्रमोद सिंह भार्गव से थी, जो राजनांदगांव जिले के बजरंगपुर नवागांव का रहने वाला है। आरोपी वर्तमान में कोंडागांव जिले के एक गांव में फार्मासिस्ट के पद पर पदस्थ था।
आरोपी ने पीड़ित को भरोसा दिलाया था कि उसके जीजा व्यापम में अधिकारी हैं और वह उसकी बेटी और भांजे को आश्रम अधीक्षक के पद पर नौकरी दिला सकता है। इस झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में आरोपी को कुल 10 लाख रुपये दे दिए।
काफी समय बीतने के बाद भी जब न तो नौकरी लगी और न ही रकम वापस मिली, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कोंडागांव से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस को इस दौरान ठगी से जुड़े अहम साक्ष्य भी मिले।
जांच पूरी होने के बाद 31 जनवरी 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है और अन्य संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।





