यूनिटी मार्च में शामिल होंगे छत्तीसगढ़ के 72 युवा, PM मोदी के साथ करेंगे 12 किमी पैदल यात्रा

देशभर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘सरदार 150 यूनिटी मार्च’ में छत्तीसगढ़ से 72 युवाओं की टोली शामिल होगी। इस टोली का नेतृत्व भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा करेंगे। सभी युवा 23 नवंबर की दोपहर रायपुर से नागपुर के लिए रवाना होंगे। इन्हें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और उप मुख्यमंत्री अरुण साव हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

भाजयुमो अध्यक्ष ने बताया कि सभी युवा नागपुर के केंद्र नर्मदा प्रवाह पहुंचेंगे। वहीं से 24 नवंबर को यूनिटी मार्च की बस यात्रा शुरू होगी। यह यात्रा 25 तारीख को बैतूल, 26 को इंदौर और 27 नवंबर को गोधरा होते हुए आनंद के करमसद पहुंचेगी। करमसद से एकतानगर तक युवा पदयात्रा करेंगे। इस पदयात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देशभर के युवाओं के साथ शामिल होंगे। यात्रा के अंतिम चरण में प्रतिभागी स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा करेंगे और 30 नवंबर को रायपुर वापस लौटेंगे।

सात दिनों की इस यात्रा में कई सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित होंगे। युवाओं के रहने, खाने और स्वास्थ्य से संबंधित सभी व्यवस्थाएँ पहले से की जा चुकी हैं। आयोजन का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव को सुदृढ़ करना है। इसमें पूरे देश से दो लाख से अधिक युवाओं के शामिल होने की संभावना है।

भाजयुमो नेताओं ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश से रवाना होने वाले युवाओं में रायपुर समेत विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि शामिल हैं। यात्रा में हिस्सा लेने वाले युवाओं को राष्ट्रीय नेतृत्व और अन्य राज्यों के प्रतिभागियों से संवाद का अवसर भी मिलेगा, जिससे आपसी समन्वय और राष्ट्रीय एकता के संदेश को और मजबूती मिलेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button