छत्तीसगढ़ में 375 नई 108 संजीवनी एम्बुलेंस लॉन्च, नवजात शिशुओं के लिए पहली बार नियोनेटल ALS सेवा शुरू

रायपुर। प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस की 375 नई एम्बुलेंसों का लोकार्पण किया। सेवा तत्काल प्रभाव से शुरू कर दी गई है, जिससे आपात स्थिति में नागरिकों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
300 BLS, 70 ALS और 5 नियोनेटल एम्बुलेंस
इस पहल के तहत 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS), 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) और पहली बार 5 नियोनेटल ALS एम्बुलेंस शुरू की गई हैं। नियोनेटल एम्बुलेंस नवजात शिशुओं को सुरक्षित रूप से उच्च स्तरीय उपचार केंद्र तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और इसे “चलते-फिरते नवजात ICU” के रूप में तैयार किया गया है।
15 मिनट शहर, 30 मिनट गांव में एम्बुलेंस पहुंचाने का लक्ष्य
सरकार ने लक्ष्य रखा है कि शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जाए, ताकि हर जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंच सके।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस
नई एम्बुलेंसों में इन्क्यूबेटर, वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, सिरिंज पंप, नेब्युलाइज़र, सक्शन मशीन, ऑक्सीजन सपोर्ट और 41 प्रकार की आपातकालीन दवाएं उपलब्ध हैं। BLS और ALS एम्बुलेंस में बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी, ग्लूकोमीटर और अन्य जीवनरक्षक उपकरण लगाए गए हैं।
सीएम साय का बयान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। पहली बार नवजात शिशुओं के लिए पांच संभाग मुख्यालय में नियोनेटल एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है, जिससे गंभीर स्थिति में बच्चों को समय पर इलाज मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल शहरी और दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाते हुए नागरिकों के लिए एक प्रभावी जीवनरक्षक तंत्र साबित होगी।





