पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त कल जारी, छत्तीसगढ़ के 24.71 लाख किसानों को मिलेंगे 498.83 करोड़ रुपये

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 मार्च को असम के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान देश के करीब 9.32 करोड़ किसानों के खातों में 18,650 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
इसका लाभ छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों को मिलेगा, जिनके खातों में 498.83 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी।
वन पट्टाधारी और पीवीटीजी किसानों को भी लाभ
इस योजना के तहत राज्य के 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी किसानों और 37 हजार 400 विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) किसानों को भी लाभ दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम से छत्तीसगढ़ के किसान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद कृषि महाविद्यालय, जोरा में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिसमें किसान और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
ग्राम पंचायतों में भी होगा लाइव प्रसारण
कृषि विभाग के अनुसार पीएम किसान उत्सव के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कराया जाएगा, ताकि किसान सीधे कार्यक्रम से जुड़ सकें।
2019 से मिल रहा है किसानों को लाभ
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी। योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रति वर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो 2-2 हजार रुपये की तीन किस्तों में हर चार महीने के अंतराल पर डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है।
योजना शुरू होने से अब तक छत्तीसगढ़ के किसानों को कुल 11,283 करोड़ 9 लाख रुपये की राशि मिल चुकी है, जिससे लाखों किसान परिवार लाभान्वित हुए हैं।
कृषि विभाग के अनुसार जिन किसान परिवारों का नाम भू-अभिलेख में दर्ज है, वे इस योजना के पात्र हैं। इसमें एकल और संयुक्त खाता धारक किसान, वन अधिकार पट्टाधारी किसान तथा विशेष पिछड़ी जनजाति के किसान भी शामिल हैं।





