लोरमी के गांवों में होंगे विकास के 18 काम, 1 करोड़ 23 लाख की मंजूरी

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव की पहल पर लोरमी ब्लॉक (जिला मुंगेली) के गांवों में विकास के लिए 1 करोड़ 23 लाख रुपए से ज्यादा की राशि मंजूर की गई है। यह राशि मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत दी गई है।
इस पैसे से गांवों में सीसी रोड, रंगमंच, अटल सद्भावना भवन, सामुदायिक भवन, शेड और नाली जैसे कुल 18 काम किए जाएंगे।
योजना के तहत 9 गांवों: नवरंगपुर, बांधा, बागमार, रजपालपुर, भालूखोंदरा, चिखलदाह, सिंघनपुरी, खुड़िया और डुडवा डोंगरी में सीसी रोड बनाने के लिए 57 लाख 20 हजार रुपए दिए गए हैं।
इसके अलावा झाफल, बिराजकछार और बोईरपारा में रंगमंच बनाने के लिए 15 लाख रुपए मंजूर हुए हैं। सुरही और झलरी में अटल सद्भावना भवन के लिए 20 लाख रुपए और राम्हेपुर (जे) व भूतकछार में सामुदायिक भवन के लिए 13 लाख रुपए दिए गए हैं।
साल्हेघोरी में शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए और गातापार में नाली बनाने के लिए 7 लाख 88 हजार रुपए की स्वीकृति भी मिली है।





