12वीं हिंदी पेपर लीक का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, कांग्रेस ने उठाए सवाल; शिक्षा मंत्री ने आरोपों को बताया गलत

रायपुर। रायपुर में चल रहे छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक होने का मामला सदन में गूंजा। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने इस मुद्दे को उठाते हुए प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
देवेंद्र यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पहले से ही चर्चा में है और अब 12वीं हिंदी विषय का पेपर लीक होने की खबर सामने आना बेहद गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक कर कुछ छात्रों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि सामने आ रही जानकारी के अनुसार सिर्फ एक विषय ही नहीं, बल्कि अन्य विषयों के पेपर लीक होने की आशंका भी जताई जा रही है। ऐसे में पूरे मामले की गहन जांच जरूरी है।
कांग्रेस विधायक ने सरकार और शिक्षा मंत्री से मांग की कि तुरंत एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो भी दोषी हों, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इधर, आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गजेंद्र यादव, स्कूल शिक्षा मंत्री छत्तीसगढ़, ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी 12वीं का पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि एक छात्र संगठन द्वारा आधी रात को कुछ प्रश्न जानबूझकर व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल किए गए थे।
मंत्री ने कहा कि मामले की जांच के लिए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल को निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में पेपर लीक या किसी की संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





