होली से पहले जीपीएम के 19,380 किसानों के खातों में 103 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित

कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य सरकार ने होली से पहले किसानों को बड़ी राहत दी है। योजना के अंतर्गत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के 19 हजार 380 किसानों के खातों में 103 करोड़ 16 लाख 90 हजार रुपए की राशि अंतरित की गई।
राज्य स्तरीय आदान सहायता राशि वितरण समारोह और किसान सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर प्रदेश के 25 लाख 28 हजार किसानों के खातों में कुल 10 हजार 324 करोड़ 84 लाख रुपए हस्तांतरित किए। यह कार्यक्रम बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी में आयोजित किया गया।
कृषक उन्नति योजना के तहत जीपीएम जिले के तीनों विकासखंड मुख्यालय गौरेला, पेंड्रा और मरवाही में भी आदान सहायता राशि वितरण समारोह और किसान सम्मेलन आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
आदिमजाति सेवा सहकारी समिति गौरेला में आयोजित समारोह में मरवाही विधानसभा क्षेत्र के विधायक और मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रणव कुमार मरपची मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष लालजी यादव ने की।
विधायक मरपची ने कहा कि होली से पहले किसानों के खातों में राशि अंतरित कर सरकार ने उनका उत्साह बढ़ाया है। उन्होंने इसे सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कृषि और किसान कल्याण से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रबी मौसम में धान की फसल का रकबा कम कर दलहन और तिलहन की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और बीज वितरण में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया गया।





