सीहोर में भाजपा नेता के बेटे की कार से दो युवकों को कुचला, FIR अज्ञात पर दर्ज

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में शुक्रवार सुबह टहलने निकले दो युवकों को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने कुचल दिया। हादसे में जरीफ खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी धर्मेश गंभीर रूप से घायल है और भोपाल के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस कार (एमपी 04 सीजे 4088) से यह हादसा हुआ, उसमें सवार एक युवक ने खुद को भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य राजू राजपूत का बेटा बताया। घटना के बाद लोगों ने तीनों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस ने आरोपियों को थाने लाने के बावजूद FIR अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज की। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस दबाव में आकर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है।
थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और गवाहों के बयान लिए जा रहे हैं। वहीं, ग्रामीणों ने न्याय की मांग करते हुए पुलिस की कार्यवाही पर सवाल उठाए हैं।





