सरगुजा में भीषण गर्मी का कहर, तापमान 42 डिग्री के करीब; हीट वेव का अलर्ट जारी

उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में गर्मी लगातार अपना प्रकोप बढ़ा रही है। रविवार को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 41.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सोमवार को इसके 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पूरे क्षेत्र में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
बढ़ते तापमान से जनजीवन प्रभावित
लगातार बढ़ती गर्मी और लू के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला और लोग घरों में रहने को मजबूर रहे। बाहर निकलने वाले लोग गर्म हवाओं से बचने के लिए सिर और चेहरे को ढंककर निकलते नजर आए। शनिवार के मुकाबले रविवार को तापमान में 1.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।
पश्चिमी विक्षोभ खत्म, गर्म हवाओं का असर तेज
पिछले कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाए रहने से तापमान नियंत्रित था, लेकिन इसके खत्म होते ही राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाओं ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। तेज धूप और लू के कारण तापमान तेजी से बढ़ा है। शाम के समय हल्के बादलों की आवाजाही से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन गर्मी का असर देर रात तक बना रहा।
मौसम में बदलाव के संकेत, सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ बदलाव संभव है, जिससे आंशिक राहत मिल सकती है। हालांकि अधिकतम तापमान 41 डिग्री या उससे अधिक बना रह सकता है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सिर ढंककर चलने की सलाह दी है, ताकि लू के प्रभाव से बचा जा सके।





