बिलासपुर मंडल ने 195 दिनों में 100 मिलियन टन माल ढुलाई का रिकॉर्ड बनाया

 रायपुर/बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने भारतीय रेल के इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने मात्र 195 दिनों में 100 मिलियन टन माल ढुलाई का अभूतपूर्व लक्ष्य हासिल किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड धनबाद मंडल (DHN डिविजन) के नाम था, जिसने यह उपलब्धि 197 दिनों में प्राप्त की थी। बिलासपुर मंडल का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 203 दिनों में 100 मिलियन टन माल ढुलाई का था। इस वर्ष बिलासपुर मंडल ने सबसे तेज गति से यह लक्ष्य हासिल कर देश का प्रथम मंडल बनने का गौरव अर्जित किया।

इस सफलता पर मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल ने पूरे मंडल के रेल कर्मयोगी, लोको पायलट, कॉमर्शियल और ऑपरेटिंग स्टाफ समेत सभी सहयोगी विभागों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टीम भावना, समर्पण और सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि इसी ऊर्जा के साथ मंडल भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास में योगदान जारी रखेगा।

इस ऐतिहासिक सफलता के अवसर पर मंडल नियंत्रण कक्ष के सभाकक्ष में कर्मचारियों ने केक काटकर खुशियाँ मनाईं। मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल की मौजूदगी में सभी कर्मियों और अधिकारियों को शुभकामनाएँ दी गईं और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया गया।

बिलासपुर मंडल की यह उपलब्धि न केवल रेलवे विभाग के लिए गर्व का विषय है, बल्कि भारतीय माल परिवहन प्रणाली की क्षमता और दक्षता का भी प्रमाण है। इस रिकॉर्ड से यह स्पष्ट होता है कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारतीय रेल की रीढ़ है और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button