जादू-टोना के शक में महिला की हत्या, परिवार के चार सदस्य गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जादू-टोना के शक और पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पति, उसकी दूसरी पत्नी, देवर और देवरानी ने मिलकर महिला को शराब पिलाई और बाद में उसके साथ क्रूरता करते हुए उसकी जान ले ली। घटना सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुवा की है।

जानकारी के अनुसार 6 मार्च को गोईदी बाई अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। मृतका के भाई सहलू राम ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर खून के निशान मिले और मृतका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में भी यह सामने आया कि महिला की मौत गंभीर आंतरिक चोटों के कारण हुई है, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।

पुलिस ने शक के आधार पर परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने पूरी घटना स्वीकार कर ली। जांच में सामने आया कि मृतका के पति ठूपन राम ने दूसरी शादी फुला बाई से की थी और दोनों महिलाओं के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।

बताया जा रहा है कि 5 मार्च की दोपहर गोईदी बाई और उसकी सौतन फुला बाई के बीच फिर विवाद हो गया। इसके बाद पति ठूपन राम ने महिला को बहाने से झोपड़ी में बुलाया, जहां पहले से फुला बाई, चचेरा भाई सुनील राम और उसकी पत्नी सुरन्ती बाई मौजूद थे। वहां सभी ने शराब पी और इसी दौरान आरोपियों ने महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया।

शक के चलते सुनील राम ने महिला को जमीन पर पटक दिया, जबकि पति और सौतन ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए। इसके बाद सुनील राम और सुरन्ती बाई ने लकड़ी के डंडे से हमला किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने शव को बिस्तर पर रखकर कंबल से ढक दिया ताकि मामला छिपाया जा सके।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या जादू-टोना के शक और पारिवारिक विवाद के कारण की गई। मामले की आगे की जांच जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई