अफेयर के शक में पत्नी का खौफनाक कदम: सोते समय पति पर हंसिए से हमला, प्राइवेट पार्ट काटा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पति-पत्नी के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। दूसरी महिला से संबंध होने के शक में पत्नी ने देर रात सो रहे पति पर हंसिए से हमला कर उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। गंभीर हालत में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि पति शराब के नशे में घर लौटा था और खाना खाने के बाद सो गया। इसी दौरान पत्नी ने उस पर हमला कर दिया।
लंबे समय से चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, चकरभाठा बस्ती निवासी राजेश कौशिक राजमिस्त्री का काम करता है। उसकी पत्नी द्रौपती बाई को लंबे समय से शक था कि राजेश का किसी दूसरी महिला के साथ अफेयर चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे।
शुक्रवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद राजेश खाना खाकर सो गया। देर रात करीब 1 बजे दोनों के बीच फिर बहस शुरू हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर पत्नी ने हंसिया उठाकर हमला कर दिया।
हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। खून से लथपथ हालत में वह कमरे से बाहर भागा और मदद के लिए चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए।
परिजन कटे अंग को लेकर अस्पताल पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य घायल युवक और उसके कटे हुए अंग को लेकर तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने युवक का इलाज शुरू कर दिया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद और अफेयर के शक को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दंपती के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पड़ोसियों के मुताबिक, दोनों के बीच अक्सर झगड़े की आवाजें सुनाई देती थीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घायल युवक का बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





