वर्दी में फॉरेस्ट गार्ड को युवकों ने बेल्ट से पीटा, डांस करवाकर बनाया वीडियो

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक फॉरेस्ट गार्ड के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने फॉरेस्ट गार्ड को उसकी महिला मित्र के साथ देखकर पहले मोबाइल पर गाना बजाकर डांस करने के लिए मजबूर किया और फिर बेल्ट व डंडे से उसकी पिटाई कर दी। पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, फॉरेस्ट गार्ड बुधराम पैकरा देवनगर बीट में पदस्थ है। वह देवनगर नर्सरी में अपनी महिला मित्र के साथ बैठा था, तभी कुछ युवक वहां पहुंच गए। युवकों ने दोनों को साथ देखकर आपत्ति जताई और फॉरेस्ट गार्ड को डांस करने के लिए कहा। डांस ठीक से नहीं करने पर उसे फटकारा गया।
इसके बाद युवकों ने महिला मित्र के सामने ही फॉरेस्ट गार्ड की बेल्ट और डंडे से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान वह वर्दी में था। वीडियो में फॉरेस्ट गार्ड एक युवक को ‘राजू भैया’ कहकर बचाने की गुहार लगाते हुए दिखाई दे रहा है। मारपीट के बाद युवकों ने महिला मित्र को घर भेज दिया और फॉरेस्ट गार्ड को वहां से भगा दिया।
बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले कुछ युवक युवती के रिश्तेदार हैं। आरोप है कि उन्होंने फॉरेस्ट गार्ड को नौकरी छोड़ने की धमकी भी दी। हालांकि, इस मामले में अब तक थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने भी संज्ञान लिया है। संबंधित अधिकारी ने फॉरेस्ट गार्ड को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है कि वर्दी में हुई इस घटना की सूचना विभाग को क्यों नहीं दी गई।





