पुलिस पर आरोपों की गुहार लेकर घुटनों के बल आईजी कार्यालय पहुंचा युवक

मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक युवक ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। शाजापुर जिले का रहने वाला युवक पुलिस की कथित प्रताड़ना की शिकायत लेकर घुटनों के बल आईजी कार्यालय पहुंचा। इस दौरान उसने अपने गले में पुरानी शिकायतों की माला भी पहन रखी थी।
युवक का आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। उसने इस संबंध में पहले भी कई स्तरों पर शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से वह यह कदम उठाने को मजबूर हुआ। युवक का कहना है कि उसने एसपी, सीएम हेल्पलाइन और अन्य अधिकारियों को भी अपनी शिकायत भेजी है।
शाजापुर जिले के ग्राम मुबारिकपुर पोलायकलां निवासी दिनेश सिंह खेती के साथ वाहन चालक का काम करता है। उसका आरोप है कि अवंतीपुर बड़ोदिया थाने के थाना प्रभारी और कुछ अन्य पुलिसकर्मी उस पर झूठे केस दर्ज कराने का दबाव बना रहे हैं।
मामले की पृष्ठभूमि में बताया गया कि पुलिस ने दिनेश के परिचित रोहित कीर को एक ट्रैक्टर से जुड़े विवाद में पकड़ा था। आरोप है कि रोहित ने ट्रैक्टर को बेच दिया था और पूछताछ के दौरान उसने इसमें दिनेश की भूमिका होने की बात स्वीकार की। इसी मामले को लेकर दिनेश पर पुलिस दबाव बना रही है।
युवक का यह भी कहना है कि उसने पहले ही पुलिस को एक लाख रुपये दे दिए थे, इसके बावजूद उससे लगातार और पैसे मांगे जा रहे हैं। पैसे नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। बार-बार शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं होने से आहत होकर वह घुटनों के बल आईजी कार्यालय पहुंचा और न्याय की मांग की।





