जमीन विवाद में युवक का अपहरण कर हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार; एक फरार

तखतपुर इलाके में जमीन विवाद के कारण एक युवक की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 21 वर्षीय राजकुमार धुरी का दिनदहाड़े अपहरण कर बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना 26 दिसंबर की है।
राजकुमार धुरी पंजाब नेशनल बैंक, बरेला में काम से गया था। तभी पुराने जमीन विवाद के चलते आरोपी उसे जबरन कार में उठाकर ले गए। सुनसान जगह पर ले जाकर आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा। हालत गंभीर होने पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में आरोपी शव को कार से लाकर उसके घर के पास फेंककर फरार हो गए। परिजन तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मुंगेली और जरहागांव पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने संतोष कुमार साहू, पोमेश साहू, सोनू राम साहू, उत्तम साहू और समीर कोसले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों के पास से कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी भी जब्त की गई है।
पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल ले जाकर ट्रायल सीन कराया। मृतक के परिजनों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी धमकी दी जाती थी। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि रंजिश में उनके बेटे की हत्या की गई। परिवार ने सभी आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
यह घटना इलाके में डर और आक्रोश का माहौल पैदा कर रही है।





