हमला: धमतरी में युवक पर चाकू से हमला, 17 बार गोदा, आरोपी गिरफ्तार

हमला : धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुरानी रंजिश के कारण एक युवक पर चाचा-भतीजे समेत कई लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को 17 बार चाकू से गोद दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड की है।

कैसे हुई घटना?

यह हमला युवक के घर से मात्र 20 मीटर की दूरी पर हुआ। सुबह करीब 9:30 बजे शिव चौक बनियापारा के पास ललित मिश्रा और राजकुमार यादव बाइक से जा रहे थे। तभी गिन्नी सरदार, जग्गू, उसके चाचा और निर्भय उर्फ आलू के छोटे भाई शुभम सहित अन्य लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया।

आरोपियों ने पहले राजकुमार के साथ मारपीट की और फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घायल हालत में राजकुमार को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया गया।

हमले में 17 बार चाकू मारा

डॉक्टरों के मुताबिक, राजकुमार के पेट, सीने और हाथ पर गहरे घाव हैं। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गिन्नी सरदार को गिरफ्तार कर लिया है। गिन्नी पहले भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका था और हाल ही में 15-20 दिन पहले रिहा हुआ था।

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

पीड़ित राजकुमार ने पुलिस को चार आरोपियों के नाम बताए हैं। पुलिस और साइबर टीम बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजेश मरई ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button