IPL 2026 से टीम इंडिया में वापसी की तैयारी में ‘यॉर्कर किंग’ टी नटराजन

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) हमेशा से नए टैलेंट को मंच देने के साथ-साथ टीम इंडिया से बाहर चल रहे खिलाड़ियों के लिए वापसी का बड़ा मौका रहा है। IPL 2026 में एक ऐसा तेज गेंदबाज फिर से मैदान में उतरने जा रहा है, जो पिछले करीब 5 साल से भारतीय टीम से बाहर है और अब शानदार प्रदर्शन कर वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।
यह तेज गेंदबाज कोई और नहीं बल्कि T. Natarajan हैं, जिन्हें उनकी सटीक यॉर्कर के कारण ‘यॉर्कर किंग’ कहा जाता है। उनकी गेंदबाजी में Lasith Malinga जैसी सटीकता और Jasprit Bumrah जैसी चतुराई देखने को मिलती है। IPL 2026 में वह Delhi Capitals की ओर से खेलते हुए टीम इंडिया के दरवाजे फिर से खटखटाने की कोशिश करेंगे।
नटराजन ने IPL 2020 में शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में जगह बनाई थी। 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्होंने तीनों फॉर्मेट में डेब्यू किया और 1 टेस्ट, 4 टी20 और 2 वनडे मैच खेले। टेस्ट में 3 विकेट, टी20 में 7 विकेट और वनडे में 3 विकेट उनके नाम दर्ज हैं। उन्होंने आखिरी बार मार्च 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में भारत के लिए मैच खेला था।
ऑस्ट्रेलिया दौरे का गाबा टेस्ट उनके करियर का यादगार पल रहा, जहां उन्होंने डेब्यू करते हुए 3 विकेट हासिल किए और टीम इंडिया ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इसके बावजूद चोट और टीम कॉम्बिनेशन के कारण वह लंबे समय तक टीम से बाहर हो गए।
अब IPL 2026 उनके लिए बड़ा मौका माना जा रहा है। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 10.75 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया है और शुरुआती मैचों में मीचेल स्टार्क की गैरमौजूदगी के चलते उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। तेज गेंदबाजी आक्रमण में उनके साथ मुकेश कुमार अहम भूमिका निभाएंगे।
अगर टी. नटराजन IPL 2026 में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो टीम इंडिया में उनकी वापसी की राह आसान हो सकती है। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या ‘यॉर्कर किंग’ एक बार फिर भारतीय जर्सी में नजर आएंगे या नहीं।





