सुकमा: महिलाओं को मिलेगा उज्ज्वला योजना का लाभ, 1.59 लाख माताओं-बहनों को मिलेगा मुफ्त गैस कनेक्शन

सुकमा। महिलाओं के सशक्तिकरण, स्वच्छ ईंधन के उपयोग और ग्रामीण परिवारों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना को और प्रभावी बनाया जा रहा है। केंद्र सरकार ने इस योजना के तहत 25 लाख अतिरिक्त एलपीजी गैस कनेक्शन देने की मंजूरी दी है।
छत्तीसगढ़ में “नियद नेल्लानार योजना” से जुड़े गांवों के बीपीएल परिवारों को इसमें प्राथमिकता दी जाएगी। खाद्य सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने तेल विपणन कंपनियों के अधिकारियों की बैठक लेकर योजना के पारदर्शी और तेज क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि “सुशासन तिहार” और “नियद नेल्लानार योजना” के तहत सुकमा जिले में लगभग 1.59 लाख माताओं और बहनों को उज्ज्वला कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके लिए सुकमा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि चिन्हित गांवों में विशेष शिविर लगाकर आवेदन, सत्यापन और गैस सुरक्षा की जानकारी दी जाए।
इस योजना से ग्रामीण महिलाओं को धुएं से मुक्ति, समय की बचत, स्वास्थ्य लाभ और सम्मानपूर्ण जीवन की दिशा में बड़ी राहत मिलेगी।





