इंस्टाग्राम से हुई पहचान के बाद महिला से छेड़छाड़, घर में घुसकर आरोपी ने की मारपीट; पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायगढ़ में एक शादीशुदा महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया के माध्यम से हुई पहचान का फायदा उठाकर एक युवक महिला के घर में घुस गया और उसके साथ अशोभनीय हरकत करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर वहां से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। 29 वर्षीय महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला के अनुसार करीब तीन साल पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए बाराद्वार के वार्ड नंबर 10 सोसायटी रोड निवासी 27 वर्षीय शुभम यादव से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत होती रही, लेकिन कुछ समय बाद युवक अश्लील संदेश भेजने लगा और गाली-गलौज करने लगा।
महिला ने इससे परेशान होकर उससे बातचीत बंद कर दी थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार उसे और उसके घर के मोबाइल नंबर पर फोन कर परेशान करता रहा।
घटना के दिन सुबह करीब साढ़े 11 बजे महिला का पति बच्चों को लेने स्कूल गया हुआ था। उस समय महिला घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान दरवाजा खुलने की आवाज सुनकर वह बाहर आई तो देखा कि शुभम यादव घर के हाल में घुस चुका था। महिला ने उसे डांटकर बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने धक्का देकर उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया और अपने पति को फोन करने लगी। इस पर आरोपी ने गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर वहां से भाग गया। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बाराद्वार में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या सोशल मीडिया के जरिए परेशान करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित महिलाओं से बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई है।





