आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत, दो घायल

धमतरी। जिले के रुद्री थाना क्षेत्र के ग्राम सोरम में बुधवार को खेत में रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा उस समय हुआ जब किसान राजेंद्र साहू के खेत में महिलाएं धान की रोपाई कर रही थीं।
जानकारी के अनुसार, काम के दौरान अचानक तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर लताबाई साहू (35) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पास में काम कर रही प्रमोतिन निर्मलकर (35) और ममता साहू (34) घायल हो गईं। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर रुद्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।





