WhatsApp का नया ‘Remind Me’ फीचर: अब महत्वपूर्ण मैसेज का जवाब भूलेंगे नहीं

WhatsApp ने यूजर्स की सुविधा बढ़ाने के लिए नया ‘Remind Me’ फीचर पेश किया है। यह फीचर उन लोगों के लिए खास है जो काम की व्यस्तता के कारण महत्वपूर्ण मैसेज का जवाब देना भूल जाते हैं। इसके जरिए यूजर किसी भी मैसेज के लिए रिमाइंडर सेट कर सकते हैं और तय समय पर नोटिफिकेशन प्राप्त कर सकते हैं।
यह फीचर फिलहाल बीटा वर्जन में उपलब्ध है और जल्द ही सभी यूजर्स के लिए रोल आउट किया जाएगा। यह मैसेज खोलने के बाद भविष्य में जवाब देने के लिए याद दिलाने की सुविधा देता है। प्लेटफॉर्म पर चार प्रीसेट टाइमर उपलब्ध हैं—2 घंटे, 8 घंटे, 24 घंटे और कस्टम टाइमर का विकल्प। कस्टम विकल्प के तहत यूजर अपनी सुविधा अनुसार तारीख और समय चुन सकते हैं।
इस फीचर का उपयोग करने के लिए यूजर को WhatsApp ओपन करना होगा और उस मैसेज पर जाना होगा जिसके लिए रिमाइंडर लगाना है। मैसेज बॉक्स में मौजूद सेंड बटन को लंबे समय तक दबाने के बाद ऊपर दाईं ओर दिए तीन-डॉट मेन्यू में ‘Remind Me’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद उपलब्ध प्रीसेट समय में से एक चुन सकते हैं या कस्टम टाइम सेट कर सकते हैं।
WhatsApp का यह नया फीचर यूजर्स को महत्वपूर्ण बातचीत का जवाब समय पर देने में मदद करेगा और कामकाजी लोगों के लिए एक उपयोगी टूल साबित हो सकता है।





