बिलासपुर की पावन धरा पर अर्जुन अवॉर्डी विवेक सागर प्रसाद का भव्य स्वागत

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में आज भारतीय हॉकी के उभरते सितारे और अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित विवेक सागर प्रसाद का भव्य आगमन हुआ। दो बार के ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडल विजेता विवेक सागर प्रसाद बिलासपुर के रास्ते राउरकेला में आयोजित होने वाले आगामी अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट में शामिल होने रवाना हुए हैं।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर मनीष श्रीवास्तव और उनकी टीम ने विवेक सागर प्रसाद का आत्मीय और गरिमामय स्वागत किया। इस अवसर पर विवेक सागर ने स्थानीय हॉकी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा भविष्य में बिलासपुर के खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने का भरोसा दिलाया।
स्वागत समारोह के दौरान मनीष श्रीवास्तव ने विवेक सागर प्रसाद की खेल यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि बहुत कम खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जिन्होंने कम उम्र में दो ओलंपिक खेले हों और देश के लिए पदक जीतकर इतिहास रचा हो। उन्होंने कहा कि विवेक के बिलासपुर आगमन से यहाँ के प्रतिभावान खिलाड़ियों को सीधी प्रेरणा और मार्गदर्शन मिलेगा।
वहीं, विवेक सागर प्रसाद ने बिलासपुर की धरती को नमन करते हुए कहा कि वे पहली बार बिलासपुर आए हैं और मनीष श्रीवास्तव व उनकी टीम द्वारा किए गए शानदार स्वागत से बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिलासपुर के युवा खिलाड़ी—लड़कियाँ और लड़के—हॉकी के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे समय-समय पर यहाँ आकर युवाओं को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने का प्रयास करेंगे।
क्रिकेट और हॉकी की लोकप्रियता को लेकर पूछे गए सवाल पर मनीष श्रीवास्तव ने कहा कि आमतौर पर क्रिकेट टूर्नामेंट अधिक दिखते हैं, क्योंकि टेनिस बॉल से खेलना आसान होता है। लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट और हॉकी दोनों ही ‘ड्यूस बॉल’ से पेशेवर तरीके से खेले जाते हैं और वैश्विक मंच पर दोनों खेलों का सम्मान समान है।
राउरकेला रवाना होने से पहले विवेक सागर प्रसाद ने बिलासपुर की खेल संस्कृति की सराहना की और यहाँ के हॉकी भविष्य को उज्ज्वल बताया।





