अरपा-भैंसाझार बैराज से कभी भी छोड़ा जा सकता है पानी, लोगों को सतर्क रहने की अपील

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के चलते अब अरपा-भैंसाझार बैराज से कभी भी पानी छोड़ा जा सकता है। जल संसाधन विभाग ने अलर्ट जारी कर नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, बैराज में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है और फिलहाल यह 60% से ज्यादा भर चुका है। ऐसे में बैराज की सुरक्षा के लिए आज मध्य रात्रि के बाद गेट खोले जा सकते हैं, जिससे अरपा नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। इसलिए नदी किनारे रहने वाले लोग अपनी संपत्ति, मशीनरी, वाहन आदि सुरक्षित स्थान पर ले जाएं।
साथ ही खनिज खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों, निर्माण एजेंसियों और ग्रामवासियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे समय रहते सावधानी बरतें। विभाग ने साफ कहा है कि अगर किसी की संपत्ति को नुकसान होता है, तो उसकी जिम्मेदारी जल संसाधन विभाग की नहीं होगी।
लोगों से अपील की गई है कि किसी भी स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित रहें।





