CAF भर्ती 2018: सात साल बाद भी वेटिंग लिस्ट वाले युवाओं का इंतज़ार जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) की वर्ष 2018 की भर्ती परीक्षा की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है। वेटिंग लिस्ट में शामिल सैकड़ों अभ्यर्थी पिछले कई सालों से नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर राजधानी रायपुर के तूता में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी शनिवार को लोकपर्व छेरछेरा के मौके पर गृहमंत्री विजय शर्मा से उनके बंगले पहुंचे और उनसे मुलाकात की।
अभ्यर्थियों को इस मुलाकात से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन मंत्री की ओर से फिलहाल केवल आश्वासन ही मिला। गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वे इस मामले पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। इस भरोसे के बाद अभ्यर्थी लौट गए।
वेटिंग लिस्ट में शामिल अभ्यर्थी जितेंद्र दास ने बताया कि CAF की भर्ती प्रक्रिया 2018 में शुरू हुई थी, लेकिन आज तक पूरी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रदेश में तीन सरकारें बदल गईं—पहले रमन सरकार, फिर भूपेश सरकार और अब साय सरकार—लेकिन वेटिंग लिस्ट वाले अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म नहीं हुआ। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब गृहमंत्री इस लंबे इंतजार का समाधान जरूर निकालेंगे।
दरअसल, वर्ष 2018 में CAF भर्ती का नोटिफिकेशन जारी हुआ था। मेरिट लिस्ट में शामिल अभ्यर्थियों की भर्ती कर ली गई थी, लेकिन वेटिंग लिस्ट में शामिल 417 युवाओं को पद खाली न होने का हवाला देकर नियुक्ति नहीं दी गई। बाद में कई चयनित अभ्यर्थी मेडिकल में फेल हो गए या उन्होंने नौकरी छोड़ दी, जिससे पद खाली हुए। इसी बीच सत्ता परिवर्तन हो गया और कांग्रेस सरकार के दौरान इस प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया गया।
समय बीतने के साथ वेटिंग लिस्ट के 417 में से 250 से ज्यादा अभ्यर्थी ओवरएज हो चुके हैं। ऐसे में अब ये युवा सरकार से जल्द फैसला लेकर न्याय देने की मांग कर रहे हैं।





