हनुमानगढ़ में एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर बवाल, किसानों और पुलिस में हिंसक झड़प

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के राठीखेड़ा क्षेत्र में एथेनॉल फैक्ट्री निर्माण के खिलाफ किसानों का विरोध बुधवार को हिंसक रूप ले गया। लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बीच ग्रामीणों ने फैक्ट्री की दीवार तोड़ दी और कई वाहनों में तोड़फोड़ की। आक्रोशित भीड़ द्वारा आगजनी किए जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इलाके में भारी पुलिसबल तैनात है और मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

किसानों का कहना है कि 450 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस फैक्ट्री से प्रदूषण बढ़ेगा, भूजल स्तर प्रभावित होगा और खेती को नुकसान पहुंचेगा। पुलिस के अनुसार घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने बवाल करने वालों पर सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है।

बुधवार दोपहर टिब्बी एसडीएम कार्यालय के सामने बड़ी सभा के बाद हजारों किसान ट्रैक्टरों के साथ निर्माणाधीन फैक्ट्री पहुंचे। यहां उन्होंने दीवार तोड़ दी, जिसके बाद भीड़ और पुलिस के बीच टकराव बढ़ गया। आक्रोशित भीड़ ने 18 वाहनों को क्षतिग्रस्त कर उन्हें आग के हवाले कर दिया। स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

झड़प में 50 से ज्यादा किसान घायल हो गए, जबकि संगरिया क्षेत्र के कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पूनिया के भी चोटिल होने की जानकारी मिली है। प्रशासन ने इससे पहले भी 18 नवंबर को कार्रवाई करते हुए इलाके में धारा 163 लागू की थी, जिसके बाद फैक्ट्री की चहारदीवारी का काम दोबारा शुरू कराया गया था।

कांग्रेस ने इस घटना को लेकर सरकार पर हमला बोला है और चेतावनी दी है कि फैक्ट्री बंद होने तक आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी नेताओं ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि किसानों की आवाज दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उधर, प्रशासन स्थिति को सामान्य करने के प्रयास में जुटा है और इलाके की निगरानी बढ़ा दी गई है।

चंडीगढ़ स्थित कंपनी ड्यून इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड इस प्लांट का निर्माण कर रही है। कंपनी का दावा है कि 40 मेगावाट क्षमता वाला यह प्लांट केंद्र सरकार की एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल योजना को गति देगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई