बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों का हाईवे जाम, NH-130C पर आवागमन ठप

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में उदंती-सीता नदी अभ्यारण्य के कोर जोन में बसे साहेबीन कछार गांव के 200 से अधिक ग्रामीणों ने बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर नेशनल हाईवे-130C पर चक्काजाम कर दिया। शिक्षक, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न होने से नाराज ग्रामीण मंगलवार सुबह सड़क पर उतर आए।
हाईवे जाम होने से दोनों ओर यात्री बसों समेत अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्राम प्रमुख अर्जुन नायक और रूपसिंह मरकाम के नेतृत्व में यह धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। मौके पर इंदागांव पुलिस पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन बार-बार प्रशासनिक आश्वासनों से थक चुके ग्रामीण इस बार मांगें पूरी होने तक आंदोलन खत्म न करने पर अड़े हैं।
ग्रामीण 8 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें बम्हनीझोला से उड़ीसा सीमा तक 25 किलोमीटर पक्की सड़क का निर्माण, साहेबीन कछार से स्थानांतरित आदिवासी कन्या छात्रावास एवं कन्या शाला को मूल स्थान पर संचालित करने और भवन निर्माण, विद्युत विहीन ग्रामों में शीघ्र विद्युतीकरण, अधूरे स्कूल भवनों को पूरा करने, माध्यमिक शाला में नियुक्त शिक्षक को तत्काल पदभार ग्रहण कराने, गांव में लगे जियो टॉवर को चालू करने, उप-स्वास्थ्य केंद्र में बिजली व नल-जल सुविधा शुरू करने तथा अधूरी नल-जल योजना को पुनः चालू करने की मांग शामिल है।
ग्रामीणों का कहना है कि 28 अक्टूबर को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर वे अपनी मांगों से अवगत करा चुके थे। पिछले तीन वर्षों में कई बार प्रशासनिक स्तर पर गुहार लगाने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिले। इसी से आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने अब निर्णायक आंदोलन का रास्ता अपनाया है।





