बीजापुर: जंगल में दबे प्रेशर IED की चपेट में आया ग्रामीण, धमाके में बुरी तरह घायल

बीजापुर:जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां नक्सलियों द्वारा जंगल में लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि युवक के पैर के चिथड़े उड़ गए।
घटना मद्देड़ थाना क्षेत्र की है। घायल युवक की पहचान विशाल गोटे (32) के रूप में हुई है, जो पेगड़ापल्ली गांव का रहने वाला है। वह सिराकोंटा और दंपाया के बीच जंगल में कंदमूल (फुटू) एकत्रित करने गया था। उसी दौरान उसका पैर जमीन में दबे IED पर पड़ गया, जिससे जोरदार धमाका हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को मद्देड़ अस्पताल लाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल और फिर जगदलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है। बीजापुर के एएसपी चंद्रकांत गवर्णा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इलाके में और कितने IED दबे हो सकते हैं।
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि नक्सली किस तरह से आम ग्रामीणों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।





