5 दशक की नक्सल समस्या 2 साल में खत्म होने की ओर, विजय शर्मा बोले- बस्तर के लोगों और जवानों को श्रेय

रायपुर। उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 5 दशक पुरानी नक्सल समस्या 2 साल में समाप्त होने की ओर है, क्योंकि सरकार ने संकल्प लिया और बस्तर के लोगों ने भी नक्सलवाद खत्म करने का ठान लिया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद खत्म होने का पूरा श्रेय बस्तर के लोगों और सुरक्षाबलों के जवानों को जाता है।
संसद में नक्सलवाद पर चर्चा के बाद रायपुर लौटे विजय शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 31 मार्च तक तय समयसीमा में नक्सलवाद लगभग खत्म हो चुका है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के बाद अभियान तेज हुआ और बड़ी कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 536 नक्सली मारे गए, 2900 ने सरेंडर किया और 2038 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 1258 हथियार बरामद किए गए, जिनमें AK-47, SLR, इंसास, LMG और अन्य विदेशी हथियार शामिल हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि सुरक्षा मजबूत करने के लिए 120 से ज्यादा कैंप बनाए गए और आदिवासी इलाकों में पुल-पुलिया, सड़क और मोबाइल टावर जैसे विकास कार्य किए गए।
विजय शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फर्जी मुठभेड़ के आरोप लगाए, जबकि नक्सलवाद खत्म करने के लिए सभी के सहयोग की जरूरत थी। उन्होंने कहा कि बस्तर के समाज प्रमुखों और स्थानीय लोगों ने पुनर्वास में बड़ी भूमिका निभाई और अब कई इलाकों में नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है।





