बिजली कर्मियों की लापरवाही का वीडियो वायरल, ड्यूटी के दौरान गहरी नींद में सोते नजर आए कर्मचारी
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के राजकिशोर नगर बिजली दफ्तर से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बिजली विभाग के कर्मचारी ड्यूटी के दौरान गहरी नींद में सोते हुए दिखाई दे रहे हैं।
उनके सामने रखा सरकारी फोन लगातार बजता रहा, लेकिन कोई भी उसे उठाने की कोशिश नहीं करता। बताया जा रहा है कि यह वीडियो वहीं मौजूद किसी उपभोक्ता ने बनाया था, जो किसी समस्या को लेकर दफ्तर आया था। जब उसने कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ते देखा, तो इस लापरवाही को कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
लापरवाही से उपभोक्ता परेशान
शहर में पहले से ही बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। ऐसे में कर्मचारियों की यह लापरवाही उपभोक्ताओं की परेशानी को और बढ़ा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद अब विभाग की कार्यशैली और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह है, कि विभागीय अधिकारी पूरे मामले में क्या कार्रवाई करेंगे।





