नीति आयोग की रैंकिंग में बीजापुर का उसूर ब्लॉक देश में दूसरे स्थान पर, मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई

बीजापुर जिले के उसूर ब्लॉक ने नीति आयोग की ‘चैंपियंस ऑफ द क्वार्टर’ (अक्टूबर-दिसंबर 2025) रिपोर्ट में सेंट्रल जोन में पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के आधार पर मिली है।

विष्णु देव साय ने इस सफलता पर उसूर ब्लॉक, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य कर्मियों और स्थानीय नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सुशासन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बस्तर के दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता रही है और अब लक्ष्य देश में पहला स्थान हासिल करना है।

केदार कश्यप ने भी इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य कर्मियों और प्रशासन ने उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने कहा कि उसूर अब विकास का मॉडल बनकर उभरा है।

नीति आयोग के मूल्यांकन में उसूर ब्लॉक ने मलेरिया और डेंगी जैसे संचारी रोगों पर नियंत्रण, संस्थागत प्रसव में बढ़ोतरी, नियमित टीकाकरण, एचपीवी वैक्सीनेशन और गैर-संचारी बीमारियों की जांच जैसी सेवाओं में बेहतर प्रदर्शन किया।

जिला प्रशासन ने कहा कि अब स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाकर आगामी तिमाहियों में देश में पहला स्थान हासिल करने की दिशा में काम तेज किया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button