UPSC में 35वीं रैंक हासिल करने वाली वैभवी अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की मुलाकात

रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में 35वीं रैंक प्राप्त करने वाली वैभवी अग्रवाल ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शिष्टाचार मुलाकात की।
मुख्यमंत्री साय ने वैभवी को मिठाई खिलाकर उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैभवी अग्रवाल ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर सिविल सेवा परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।

उन्होंने कहा कि वैभवी की यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इस तरह की उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वास व्यक्त किया कि वैभवी अग्रवाल भविष्य में प्रशासनिक सेवा में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए देश और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

इस अवसर पर वैभवी अग्रवाल के पिता शीतल अग्रवाल और भाई विनायक अग्रवाल भी उपस्थित रहे।





