बिलासपुर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई UPSC प्रारंभिक परीक्षा

बिलासपुर:रविवार को पूरे देश के साथ-साथ बिलासपुर में भी संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई। जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर दो शिफ्टों में परीक्षा हुई, जिसमें कुल 5948 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया।
जिला प्रशासन ने परीक्षा की सफलता के लिए पहले से ही पुख्ता तैयारियां की थीं। गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों में पीने के पानी, पंखे और बिजली की उचित व्यवस्था की गई थी, ताकि छात्रों को किसी तरह की दिक्कत न हो। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक चली।
परीक्षा देने पहुंचे कई अभ्यर्थियों ने पेपर को लेकर अपने अनुभव साझा किए। परीक्षार्थी विक्रम सिंह ने बताया कि हिंदी माध्यम के छात्रों के लिए पेपर अच्छा था और यह एवरेज स्तर का आया था। उन्होंने यह भी कहा कि हर व्यक्ति को जीवन में एक बार यूपीएससी परीक्षा जरूर देनी चाहिए।
मोनी सोनी ने बताया कि दोनों शिफ्टों के पेपर आसान थे। वहीं अभिषेक मेहरा ने कहा कि जीएस (जनरल स्टडीज) का पेपर अच्छा था, लेकिन सीसैट (CSAT) थोड़ा कठिन लगा। शिवशंकर साहू ने परीक्षा की व्यवस्थाओं की सराहना की और कहा कि इस बार का पेपर संतुलित था। मधु साकर ने बताया कि इतिहास और संविधान से जुड़े प्रश्न अच्छे थे, लेकिन विज्ञान का हिस्सा थोड़ा कठिन रहा।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम थे। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहा। सभी केंद्रों में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को पास जारी किए गए थे, जिससे केवल अधिकृत व्यक्ति ही अंदर जा सके। किसी भी बाहरी या नधिकृत व्यक्ति को केंद्रों में प्रवेश नहीं दिया गया।
कुल मिलाकर, बिलासपुर में यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।





