CG Budget:भूपेश बघेल के बयान पर बवाल: बीजेपी ने लगाया सतनामी समाज के अपमान का आरोप!

CG Budget:रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने कई बार कविताओं, शायरी और छत्तीसगढ़ी तुकबंदियों का इस्तेमाल किया। करीब पौने दो घंटे चले उनके भाषण के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे “कवि सम्मेलन” कहकर तंज कसा। उन्होंने मजाक में यह भी कह दिया कि यह बजट भाषण नहीं बल्कि “सिंगल माइक पॉडकास्ट” था।
महापुरुषों के जिक्र पर विवाद
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने भाषण में छत्तीसगढ़ के महापुरुषों का भी जिक्र किया। उन्होंने वीर गुंडाधुर और गुरु घासीदास के योगदान को याद किया, लेकिन इस पर अब राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। भाजपा ने बघेल के बयान को सतनामी समाज और जनजातीय समाज के अपमान से जोड़ दिया है।
भाजपा का बघेल पर हमला
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख अमित चिमनानी ने बघेल के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ के लोग अपने दिन की शुरुआत गुरु घासीदास को प्रणाम करके करते हैं। जब भी शौर्य की बात होती है, वीर गुंडाधुर और शहीद वीर नारायण सिंह का नाम लिया जाता है। हमारे लिए छत्तीसगढ़ किसी तीर्थ से कम नहीं है।”
चिमनानी ने आगे कहा कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और महापुरुषों का सम्मान करते हुए बजट भाषण दिया था। लेकिन बघेल ने इसे “कवि सम्मेलन” कहकर लाखों लोगों की आस्था का अपमान किया है। भाजपा ने इसे छत्तीसगढ़ की संस्कृति का अपमान बताया और बघेल से माफी की मांग की है।
बजट से ज्यादा बयानबाजी पर चर्चा
बजट पेश होने के बाद जहां जनता को विकास योजनाओं और वित्तीय फैसलों की उम्मीद थी, वहीं अब सारा ध्यान राजनीतिक बयानबाजी पर चला गया है। भाजपा और कांग्रेस में इस मुद्दे पर टकराव तेज हो गया है। अब देखना होगा कि इस विवाद पर भूपेश बघेल क्या जवाब देते हैं और यह बहस कितनी आगे बढ़ती है।





